पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा, हाइड्रोजन बसें चलेंगी

नई दिल्ली: सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को हरित ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल के तहत दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन शुक्रवार से हाइड्रोजन से चलने वाली शटल बस सेवा शुरू करने जा रही है।

यह सेवा पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने और शून्य उत्सर्जन (zero emission) लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इन शटल बसों का उपयोग प्रमुख सरकारी भवनों और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन को आसान बनाने के लिए किया जाएगा

इस पहल के तहत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) डीएमआरसी को दो अत्याधुनिक हाइड्रोजन-ईंधन वाली बसें उपलब्ध करा रहा है। इनमें 35 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। यह शटल सेवा सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेगी। हर 30 मिनट में एक बस उपलब्ध होगी।

विज्ञप्ति के मुताबिक, किराया वसूली राष्ट्रीय साझा गतिशीलता कार्ड (एनसीएमसी), यूपीआई और नकद भुगतान विकल्पों के माध्यम से सुगम बनाई जाएगी। इसमें चरणबद्ध रूप से 10 और 15 की किफायती टिकट दरें होंगी। डीएमआरसी बस संचालन, कंडक्टर, टिकट प्रणाली और यात्री सहायता की देखरेख करेगा, जबकि आईओसीएल ड्राइवर और हाइड्रोजन ईंधन सहायता प्रदान करेगा।