नई दिल्ली: नई दिल्ली में चुनाव आयोग ने एसआईआर (Special Intensive Revision) की घोषणा की है। इसके तहत मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण किया जाएगा और 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
चुनाव आयोग के अनुसार, इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटे नहीं और फर्जी नामों को हटाया जा सके।
दिल्ली में एसआईआर की प्रक्रिया 20 जून से 7 अक्टूबर तक चलेगी। दिल्ली के लिए ड्राफ्ट रोल 5 अगस्त और अंतिम रोल 7 अक्टूबर को जारी होगा। इसके तहत दिल्ली में एसआईआर के लिए बूथ लेवर आधिकरियों (बीएलओ) को 20 से 29 जून तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ के जरिए दिल्ली के मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य किया जाएगा। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 5 अगस्त को होगा।
दिल्ली के मतदाता अपनी आपत्तियां या नाम जुड़वाने/संशोधन के दावे 5 अगस्त से 4 सितंबर के बीच दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियां का निपटारा 5 अगस्त से 3 सितंबर होगा। सभी दावों के निस्तारण के बाद 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दिल्ली में वर्तमान में मतदाताओं की कुल संख्या 1,48,23,234 है, जिनके पास बीएलओ घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन करेंगे।