दिल्ली के शीर्ष नेतृत्व ने समारोह में की शिरकत, एलजी और सीएम ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की

नई दिल्ली: नई दिल्ली में गुरुवार को डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली के 14वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तरनजीत सिंह संधू और रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री भी उपस्थित रहे।

उपराज्यपाल ने विद्यार्थियों से विकसित भारत और विकसित दिल्ली की निर्माण में सार्थक योगदान देने का आग्रह किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज डिग्री और मेडल प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाए दी। उन्होंने कहा कि यह दिन वर्षों की मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और सपनों के साकार होने का प्रतीक है। हर विद्यार्थी की यह उपलब्धि उसके परिवार, शिक्षकों और समाज के विश्वास और सहयोग से भी जुड़ी होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत का युवा नए आत्मविश्वास, नवाचार और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, रिसर्च, स्टार्टअप, तकनीक और सामाजिक चेतना से जुड़े यही युवा विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं, जो केवल अपने भविष्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को भी नई दिशा देने का सामर्थ्य रखते हैं।