होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : जिले में जनगणना-2026-27 की प्रक्रिया के तहत जिला प्रशासन द्वारा गणना कर्मियों की टीमों को जरूरी ट्रेनिंग देने के बाद आज रवाना किया गया। ये टीम शुक्रवार से घर-घर जाकर जनगणना के लिए परिवारों की आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगी।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त संख्या में गणना कर्मियों को विस्तृत ट्रेनिंग देने के बाद नागरिकों के घरों में भेजा जा रहा है, ताकि जनगणना की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि होशियारपुर में एस.डी.एम. परमप्रीत सिंह द्वारा टीम को रवाना किया गया। ये टीमें शुक्रवार से अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वेक्षण शुरू कर देंगी। डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि गणना कर्मियों को जनगणना के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाकर इन टीमों का पूरा सहयोग करें, ताकि जनगणना की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जनगणना प्रक्रिया के तहत 14 मई तक परिवार अपनी जानकारी https://se.census.gov.in पर ऑनलाइन भर सकते थे। अब गणना कर्मी लोगों के घरों में जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। जिन परिवारों ने अपनी जानकारी ऑनलाइन नहीं भरी है, वे अब गणना कर्मियों के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया बहुत आसान और सरल है। हर घर के लिए एक मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड किया जाएगा, जिसकी एंट्री परिवार के मुखिया द्वारा की जाएगी। इस प्रक्रिया के दौरान परिवार के मुखिया का नाम बदला नहीं जा सकेगा।
ऑनलाइन प्रक्रिया में अधिकतर सवाल विकल्प आधारित हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद 11 अंकों का एक कोड मिलेगा, जिसे गणना कर्मी को बताने पर पूरी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
इस दौरान एस.डी.एम. परमप्रीत सिंह ने नागरिकों से अपील की कि गणना कर्मियों की टीमों के साथ पूरा सहयोग करके जनगणना की प्रक्रिया को सफल बनाएं।