ढकोली की कॉलोनी में चोरी की घटना, पुलिस जांच में जुटी

जीरकपुर: ढकोली क्षेत्र स्थित एमएस एनक्लेव कॉलोनी में बंद पड़े एक मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर ने घर की रसोई में लगी लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब एक घंटे तक आराम से घर का सामान खंगालता रहा।

जानकारी के अनुसार मकान मालिक अशोक धर अपने परिवार सहित तीन दिनों के लिए शहर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान देर रात करीब दो बजे चोर ने सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपी घर से एलईडी टीवी, म्यूजिक सिस्टम, इन्वर्टर, बैटरी, कपड़े और दो भरे हुए एलपीजी गैस सिलेंडर तक लेकर फरार हो गया।

सुबह जब पड़ोसियों ने घर का सामान बिखरा देखा तो उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने ढकोली पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।