चंडीगढ़: चंडीगढ़ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से स्प्रिंग ऑपरेटेड कमानीदार चाकू और चोरी की एक्टिवा बरामद की है। आरोपी की पहचान संजय उर्फ नानू निवासी धनास कॉम्प्लेक्स चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
यह कार्रवाई यूटी की एसएसपी कंवरदीप कौर के निर्देश, एसपी सिटी के एम प्रियंका के मार्गदर्शन और एसडीपीओ ईस्ट पी अभिनंदन की निगरानी में थाना इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस द्वारा की गई। थाना प्रभारी सतनाम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 13 मई की रात करीब 12:15 बजे एसआई सुरेंद्र कुमार और कांस्टेबल राकेश इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित गौशाला के पास नाका लगाकर गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान एक ग्रे रंग की एक्टिवा तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने वापस मुड़ने की कोशिश की, जिससे एक्टिवा फिसलकर गिर गई।
पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की कमर से एक स्प्रिंग ऑपरेटेड कमानीदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी चाकू रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं दिखा सका। इसके बाद थाना इंडस्ट्रियल एरिया में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी जिस एक्टिवा नंबर PB65AD8526 पर सवार था, वह चोरी की निकली। पुलिस ने चोरी की एक्टिवा को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संजय उर्फ नानू आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में कई केस दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 तक चोरी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।