डेराबस्सी: इलाके में लगातार बढ़ रही बिजली की तार चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। थाना डेराबस्सी पुलिस ने तार चोरी के एक पुराने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस के मुताबिक एएसआई अवतार सिंह अपनी टीम के साथ मुबारिकपुर बस स्टैंड के पास गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि नानक राम उर्फ विक्की निवासी भांखरपुर, जो पहले भी चोरी की वारदातों में सक्रिय रहा है, चोरी की गई बिजली की तारों के साथ ढकोली साइड से मुबारिकपुर की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की योजना बनाई और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी अलग-अलग इलाकों में बिजली की तारें चोरी करने का आदी है, जिससे सरकारी संपत्ति के साथ-साथ बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली की तार चोरी की घटनाओं से कई बार बिजली व्यवस्था बाधित होती है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं पुलिस का दावा है कि ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।