डेराबस्सी में किसान संगठनों का प्रदर्शन तय

डेराबस्सी: भारतीय किसान यूनियन लाखोवाल ब्लॉक डेराबस्सी की बैठक बुधवार को दपर कार्यालय में पंजाब इकाई के मीत प्रधान मनप्रीत सिंह अमलाला की अगुवाई में आयोजित की गई। बैठक में किसानों और मजदूरों की लंबित मांगों समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में फैसला लिया गया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान और बीकेयू लाखोवाल के दिशा-निर्देशों के तहत 15 मई को लोक भवन पंजाब की ओर रोष मार्च निकाला जाएगा। नेताओं ने कहा कि किसानों, मजदूरों की लंबित मांगों और प्रदेश के हितों की रक्षा को लेकर यह मार्च आयोजित किया जा रहा है।

जानकारी देते हुए मनप्रीत सिंह अमलाला ने बताया कि पंजाब भर से किसान संगठन मोहाली स्थित गुरुद्वारा श्री अंब साहिब के पीछे नेचर पार्क में एकत्र होंगे। वहां से लोक भवन पंजाब की ओर रोष मार्च शुरू किया जाएगा।
उन्होंने किसान हितैषी, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से भी बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि डेराबस्सी क्षेत्र से सुबह 9 बजे दपर कार्यालय से काफिला मोहाली के लिए रवाना होगा।

बैठक में जगतार सिंह झरमड़ी, गुरप्रीत सिंह जास्तना, गुरपाल सिंह दप्पर, केहर सिंह चडियाला, हरपाल सिंह चौंधेड़ी, छज्जा सिंह, धर्म सिंह, हरी राम दप्पर, करनैल सिंह तोगांपुर, सुरजीत सिंह अंब छप्पा और राम सिंह जंडली समेत कई किसान मौजूद रहे।