डेराबस्सी: डेराबस्सी के नजदीकी गांव जौला कलां में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम के दौरान बेरोजगारी और खेल सुविधाओं की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। कार्यक्रम में पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग की वैचारिक सलाहकार समिति के सदस्य और पंजाब कांग्रेस के प्रवक्ता Amit Bawa Saini ने युवाओं की समस्याएं सुनीं और उन्हें खेल किटें वितरित कीं।
इस दौरान युवाओं ने आरोप लगाया कि सरकार न तो उन्हें रोजगार उपलब्ध करवा रही है और न ही खेल मैदान, स्टेडियम या अन्य सुविधाएं मुहैया करवा रही है। युवाओं ने कहा कि एक ओर सरकार नशे के खिलाफ अभियान चलाने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर सुविधाओं की कमी के कारण युवा गलत रास्तों की ओर धकेले जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान अमित बावा सैनी ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए सरकारी मैदान में खेलों के लिए हैलोजन लाइटें और नेट आदि की व्यवस्था भी करवाई। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि युवाओं की शक्ति का सही उपयोग नहीं हो पा रहा। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और अपने साथियों को भी जागरूक करने की अपील की।
सैनी ने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर हर पांच गांवों के क्लस्टर में एक आधुनिक स्टेडियम और जिम बनाया जाएगा, ताकि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।
इस मौके पर गांव के पंच गुरजंट सिंह, जिला कांग्रेस के जनरल सचिव विक्रम राणा, जिला उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, जिला प्रवक्ता मनजीत सिंह, युवा नेता परमवीर राणा, हरमन भट्टी, बलकीरत, हर्ष समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद रहे।