पंचकूला: सेक्टर-14 क्षेत्र में दुकानदार से नकदी छीनकर फरार होने की कोशिश कर रहे दो युवकों में से एक आरोपी को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, जबकि उसका साथी नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को थाना सेक्टर-14 पंचकूला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता, जो ढकोली का रहने वाला है और परशुराम चौक के पास खोखा चलाता है, ने पुलिस को बताया कि वह रात को काम खत्म करने के बाद ठेके के पास बाल कटवा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
शिकायतकर्ता के मुताबिक एक युवक माचिस मांगने के बहाने उसके पास आया और मौका पाकर उसकी पिछली जेब से करीब दो हजार रुपये निकालकर भागने लगा। दोनों आरोपी बाइक पर बैठकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जल्दबाजी में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े।
मौके पर मौजूद पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी नकदी लेकर भाग निकला। पकड़े गए आरोपी को थाना सेक्टर-14 ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 को सौंपी गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान रवि के रूप में हुई, जो रामदरबार चंडीगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी के साथ उसका एक अन्य साथी भी वारदात में शामिल था। आरोपी रवि को 10 और 11 मई की दरम्यानी रात विधि अनुसार गिरफ्तार किया गया और 11 मई को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान फरार सह आरोपी की गिरफ्तारी और छीने गए दो हजार रुपये की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।