नर्सिंग स्टाफ के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित

फगवाड़ा (शिव कौड़ा) : श्री विश्वकर्मा चैरिटेबल हॉस्पिटल ट्रस्ट फगवाड़ा की ओर से ‘अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस’ बड़े ही उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और ट्रस्ट सदस्यों ने केक काटकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा नर्सिंग स्टाफ को इस विशेष दिवस की शुभकामनाएं दी। ट्रस्ट के प्रधान प्रदीप धीमान ने नर्सिंग स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि नर्सों का जीवन सेवा, समर्पण और इंसानियत की जीवंत मिसाल होता है।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा संचालित इसअस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को जहां बहुत सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलती हैं, वहीं नर्सिंग स्टाफ की हॉस्पिटैलिटी विशेष रूप से मरीजों और उनके परिजनों को प्रभावित करती है। प्रदीप धीमान ने यह भी घोषणा की कि जनकल्याण को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में जल्द ही नए प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे, ताकि मरीजों को और अधिक आधुनिक एवं उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। इसके साथ ही उन्होंने ‘सरहिंद फतह दिवस’ की भी उपस्थितों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि 17 मई को श्री विश्वकर्मा मंदिर कमेटी द्वारा रामगढिय़ा कौम के महान जरनैल स. जस्सा सिंह रामगढिय़ा जी का 303वां जन्म दिवस बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

उन्होंने संगत से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। ट्रस्ट के सरपरस्त जसपाल सिंह लाल और डा. अविनाश सिंह चौहान ने भी नर्सिंग स्टाफ को बधाई देते हुए उनकी सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉक्टर इलाज करते हैं, लेकिन मरीज को नई जिंदगी नर्सों की देखभाल और सेवा से ही मिलती है। इस अवसर पर सुरिंदर पाल धीमान, गुरनाम सिंह जुतला, अमोलक सिंह झीता, परमजीत सिंह भोगल, डा. दीपा यादव, डा. जरनैल सिंह, डा. रमिंदर सिंह, डा. आयुषी वर्मा, कुलविंदर सिंह सैंहबी, सुरिंदर कुमार, विक्रम रूपराय सहित समूह नर्सिंग स्टाफ और ट्रस्ट सदस्य उपस्थित थे।