चंडीगढ़ (अजीत झा.) : चंडीगढ़ गांव दरिया में युवक की बेरहमी से हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। मंगलवार शाम तेजधार हथियारों से किए गए हमले में युवक सूरज की मौत के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वारदात के 24 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज लोगों ने गांव दरिया पुलिस चौकी के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और स्थानीय निवासी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने साफ कहा कि जब तक हत्या के आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, उनका विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है।
धरने में गांव दरिया के पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी, पूर्व डिप्टी मेयर अनिल कुमार दुबे और मनोनीत पार्षद धर्मेंद्र सैनी समेत कई स्थानीय नेता और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में हत्या के आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग उठाई।
पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी, पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे ,मनोनीत पार्षद धर्मेंदर सैनी ने गांव दरिया चौकी इंचार्ज के तबादले की मांग भी रखी। उनका कहना हैं कि इलाके में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और पुलिस की ढिलाई के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में एक जिम्मेदार और सख्त अधिकारी की नियुक्ति की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
धरने और बढ़ते विरोध को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर माहौल शांत करने में जुटे रहे। कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा।
मौके पर पहुंचे एरिया डीएसपी पी अभिनंदन ने पीड़ित परिवार और प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि मंगलवार शाम गांव दरिया में सूरज पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल सूरज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल बना हुआ है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत कई एंगल से जांच कर रही है।