लूट मामलों का खुलासा, पुलिस को मिली सफलता

चंडीगढ़: चंडीगढ़ पुलिस ने एंटी सोशल एलिमेंट्स के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार सनसनीखेज लूट मामलों का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक तेजधार चाकू, एक वॉलेट, आधार कार्ड और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा बरामद की है।

यह कार्रवाई यूटी की एसएसपी कंवरदीप कौर के निर्देशों, एसपी सिटी के एम प्रियंका के मार्गदर्शन तथा एसडीपीओ साउथ वेस्ट धीरज कुमार की निगरानी में की गई। थाना सेक्टर-39 के एसएचओ राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहिट निवासी गांव पिपलथा, जिला जींद (हरियाणा) और अजय निवासी पटियाला बैंक कॉलोनी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में दर्ज चार अलग-अलग लूट मामलों को सुलझाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया था कि एक्टिवा सवार दो युवक चाकू दिखाकर उनके मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड और नकदी लूटकर फरार हो जाते थे।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर 100 प्रतिशत रिकवरी करने का दावा किया है। बरामद मोबाइल फोन में थाना सेक्टर-39 के तीन, सेक्टर-36 के तीन, सेक्टर-34 का एक और थाना सेक्टर-49 का एक मोबाइल शामिल है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।