मिल्क कॉलोनी में जल परियोजना से लोगों को मिलेगा लाभ

चंडीगढ़: शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों को बेहतर जल आपूर्ति उपलब्ध करवाने की दिशा में नगर निगम चंडीगढ़ ने धनास स्थित मिल्क कॉलोनी में नई वाटर सप्लाई पाइपलाइन बिछाने के प्रोजेक्ट की शुरुआत कर दी है। बुधवार को चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने पार्क क्षेत्र के पास आयोजित कार्यक्रम में इस परियोजना का शिलान्यास किया।

इस मौके पर पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं एरिया पार्षद कुलजीत सिंह संधू, चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे।

मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि नगर निगम चंडीगढ़ शहर के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इलाके में पुरानी सी.आई. वाटर सप्लाई पाइपलाइन पिछले कई वर्षों से लगातार लीकेज की समस्या से जूझ रही थी, जिसके कारण पानी की बर्बादी होने के साथ-साथ सड़कों को भी नुकसान पहुंच रहा था और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए अब नई डी.आई. वाटर सप्लाई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया है, जिससे क्षेत्र में निर्बाध और सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। मेयर ने कहा कि नगर निगम भूमिगत इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।

पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं एरिया पार्षद कुलजीत सिंह संधू ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद वार्ड में यह बड़ा वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे मिल्क कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र के निवासियों को काफी राहत मिलेगी तथा इलाके की मूलभूत सुविधाएं और मजबूत होंगी।

चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने बताया कि मौजूदा पाइपलाइन करीब 25 वर्ष पुरानी हो चुकी थी और उसकी खराब स्थिति के कारण बार-बार मरम्मत करना मुश्किल हो रहा था। उन्होंने बताया कि लगभग 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना पानी के रिसाव को रोकने, सड़कों को होने वाले नुकसान को कम करने और जल वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

स्थानीय निवासियों ने भी इस परियोजना का स्वागत करते हुए नगर निगम का आभार जताया और कहा कि इससे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या का समाधान होगा।