पीएम की अपील के बाद कारकेड में कटौती

भोपाल: डॉ. मोहन यादव ने नरेंद्र मोदी की अपील का पालन करते हुए अपने आधिकारिक काफिले (कारकेड) में वाहनों की संख्या कम कर दी है।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन की बचत करने और संसाधनों का सोच-समझकर उपयोग करने की अपील की थी। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने यह कदम उठाया है।

आगामी आदेश तक मुख्यमंत्री के कारकेड में 13 वाहनों के स्थान पर 8 वाहन ही चलेंगे। उनके भ्रमण के समय वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी। सभी मंत्रीगण यात्रा में न्यूनतम वाहनों का प्रयोग करेंगे। यह भी निर्देश जारी किए गए हैं कि नव नियुक्त निगम-मंडल के पदाधिकारी सादगी से कार्यभार ग्रहण करें और वाहन रैली आयेाजित न करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के आहवान और दिए गए सुझावों के अनुरूप मध्यप्रदेश में शासकीय कार्यों में मितव्ययता के उपायों पर अमल करने को कहा है। मंत्रीगण सहित निगम-मंडल के पदाधिकारियों और आम नागरिकों से वाहनों के कम से कम प्रयोग करने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और अनावश्यक रूप से वाहनों का उपयोग न किए जाने को कहा गया है।