"राजनीति गरमाई: जाखड़ CBI जांच के मुद्दे पर राज्यपाल से मिलेंगे"

चंडीगढ़: राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद पंजाब की सियासत तेज हो गई है। पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ऐलान किया है कि वह जल्द ही राज्यपाल से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देंगे और सीबीआई जांच की मांग उठाएंगे।

शनिवार को मीडिया से बातचीत में जाखड़ ने बताया कि भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को विस्तृत तथ्यों से अवगत कराएगा, ताकि मामले में पारदर्शिता बनी रहे और निष्पक्ष जांच हो सके। उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत उचित मंच पर मुद्दा उठाना जरूरी है।

इस दौरान जाखड़ ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अब जनता राजनीतिक बयानबाजी और वास्तविक मुद्दों के बीच फर्क समझने लगी है और सरकार को जवाबदेही से बचना नहीं चाहिए।

जाखड़ ने कहा कि राज्य में कई अहम मुद्दे लंबित हैं, जिन पर सरकार को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “जिनके घर शीशे के होते हैं, उन्हें दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए,और आरोप-प्रत्यारोप से पहले आत्ममंथन की जरूरत बताई।

उन्होंने लालजीत सिंह भूल्लर से जुड़े मामले को भी गंभीर बताते हुए कहा कि इस मुद्दे को केंद्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। जाखड़ के मुताबिक, सात राज्यसभा सांसदों के हस्ताक्षर के साथ वे केंद्रीय गृह मंत्री से मिलकर मामले की सीबीआई जांच की मांग करेंगे।

इसके अलावा जाखड़ ने विधायक रमन अरोड़ा के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जो कल तक मुख्यमंत्री के करीबी बताए जा रहे थे, उनके खिलाफ ही अब केस दर्ज हो गया। उन्होंने इसे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल बताते हुए कहा कि पारदर्शिता और स्थिरता जरूरी है।

जाखड़ ने स्पष्ट किया कि वह पंजाब में राष्ट्रपति शासन के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन राज्य को मौजूदा हालात से बाहर निकालने के लिए ठोस कदम उठाने जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और भाजपा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है।