चंडीगढ़ (अजीत झा.): शहर के मनीमाजरा इलाके में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। नगर निगम रोड विंग के एक चौकीदार की बेरहमी से हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया। मृतक की पहचान मौलीजागरां विकास नगर निवासी 31 वर्षीय कृष्णा पांडे के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की। शव चंडीगढ़-कालका हाईवे किनारे कलाग्राम के सामने बिट्टा पेट्रोल पंप के पास अर्धनग्न अवस्था में मिला। मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस दुष्कर्म की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो खुला मामला: घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारियों और सुपरवाइजर सोहन सिंह ने चौकीदार को स्टोर से गायब पाया। परिजनों से संपर्क करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला और मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद आसपास खोजबीन की गई, जिसमें कुछ दूरी पर पाइप के पास उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर, जांच तेज
सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट विजय कुमार और थाना प्रभारी मनिंदर सिंह मनीमाजरा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। शव को सेक्टर 16 अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
परिवार ने जताया विवाद का शक: मृतक के बड़े भाई आनंद पांडे ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ दिन पहले कृष्णा की किसी व्यक्ति से कहासुनी हुई थी, जिसे लेकर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी है। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
इस जघन्य वारदात के बाद मनीमाजरा और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।