जीरकपुर: जीरकपुर के वार्ड नंबर 30 में चल रहे विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। आज इस मामले में आम आदमी पार्टी के वार्ड इंचार्ज और कांग्रेस पार्टी के पूर्व काउंसलर आमने-सामने आ गए।
इस दौरान कांग्रेस के पूर्व काउंसलर नवतेज नवी ने दूसरी पार्टी पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों में राजनीति करना बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए नवतेज नवी ने बताया कि वार्ड में जारी कई विकास कार्य, जैसे कि जरनैल एन्क्लेव फेज-1 में सड़कों और टाइलें लगाने के प्रोजेक्ट, नगर काउंसिल के पूर्व प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों द्वारा पहले ही मंजूर करवाए गए थे।
उन्होंने दावा किया कि ये सभी काम पिछली काउंसिल के समय टेंडर हो चुके थे और अब सिर्फ उनका क्रियान्वयन हो रहा है। इस मौके पर उन्होंने आम आदमी पार्टी के स्थानीय इंचार्ज पर आरोप लगाया कि वे इन कामों का श्रेय अपने नाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इंचार्ज केवल मौके पर जाकर फोटो खिंचवा रहे हैं और लोगों में गलत धारणा बना रहे हैं। “यह लोगों को गुमराह करने की कोशिश है, जबकि वास्तव में ये काम पिछली लीडरशिप की योजना का हिस्सा हैं।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वार्ड में हो रहे विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है और इसमें किसी भी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
वार्ड नंबर 30 के आप इंचार्ज अमन प्रताप सिंह का पक्ष: आरोपों का खंडन करते हुए वार्ड नंबर 30 से आम आदमी पार्टी के इंचार्ज अमन प्रताप सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी भी जनता को यह नहीं कहा कि टेंडर उनके द्वारा पास करवाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्ड इंचार्ज होने के नाते वह अपने क्षेत्र के लोगों के प्रति जिम्मेदार हैं।
अमन प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले एक महीने से रुके हुए कार्यों को लेकर जब वार्डवासी अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचे, तो उन्होंने संबंधित विभाग से समन्वय कर उन कार्यों को शुरू करवाया। उन्होंने कहा कि यह उनकी जिम्मेदारी है कि वार्ड की जनता की समस्याओं का समाधान कराया जाए।