डेराबस्सी: ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने डेराबस्सी हलके के ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों के साथ एक रणनीतिक बैठक की। इस बैठक में क्षेत्रभर में नशों के खिलाफ जागरूकता अभियान को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि हर गांव और वार्ड स्तर पर जागरूकता कैंप लगाए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर उन्हें सही दिशा की ओर प्रेरित किया जा सके। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग टीमें भी गठित की जाएंगी।
इस मौके पर विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि नशों को खत्म करने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज के हर वर्ग का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को बचाने के लिए यह लड़ाई मिलकर लड़नी होगी और इसमें कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
बैठक में मालवा ईस्ट जोन इंचार्ज अनु बब्बर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार साझा किए और इस अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने का भरोसा दिया।