जीरकपुर: पीर मुच्छल्ला क्षेत्र की होनहार छात्रा रिधिमा गोयल ने आईसीएसई बोर्ड की 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में 97.8 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और परिवार के साथ-साथ इलाके का नाम भी रोशन हुआ है।
रिधिमा, सेक्टर-20 पंचकूला स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल की मेधावी छात्रा हैं। उन्होंने अपने स्कूल में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि ट्राईसिटी स्तर पर 15वां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि को लेकर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने भी गर्व जताया है।
रिधिमा पंचकूला हाइट्स, पीर मुच्छल्ला की निवासी हैं। उनके पिता जय प्रकाश गोयल एक लैंड डेवलपर और प्रमोटर हैं, जबकि उनकी माता शैफाली गोयल गृहिणी हैं। परिवार ने इस सफलता का श्रेय रिधिमा की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों को दिया है।
रिधिमा की सफलता पर पंचकूला हाइट्स सोसाइटी के निवासियों ने भी खुशी जाहिर की और उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिधिमा जैसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने भी रिधिमा गोयल और उनके परिवार को बधाई दी।