चंडीगढ़ (Naren Singh Danu): पंजाब सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने पश्चिम बंगाल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सौरव बिस्वास के रूप में हुई है। अदालत में पेश करने के बाद उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में सेक्टर-3 थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के पल्ली बाजार, गोबिंद पल्ली निवासी सौरव बिस्वास ने पंजाब सिविल सचिवालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम धमाके की धमकी वाला ईमेल भेजा था।
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अलर्ट हो गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच, ईमेल ट्रैकिंग और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी भरा ईमेल भेजने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
अदालत से मिले एक दिन के रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि ईमेल किस डिवाइस और इंटरनेट कनेक्शन के माध्यम से भेजा गया था तथा कहीं इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब सिविल सचिवालय, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ जिला अदालत, नगर निगम, पासपोर्ट कार्यालय, सेक्टर-17 बस स्टैंड और कई स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि जांच के दौरान अधिकांश मामले फर्जी या अफवाह साबित हुए और किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।