अमृतसर: बिक्रम सिंह मजीठिया को लेकर मजीठा क्षेत्र में सियासी पोस्टरबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। कुछ दिनों पहले इलाके में मजीठिया को "भगोड़ा" बताने वाले पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए थे, जिसके जवाब में अब उनके समर्थकों ने "टाइगर अभी जिंदा है" लिखे पोस्टर लगाकर राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।
नए पोस्टरों के सामने आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। समर्थकों का कहना है कि इन पोस्टरों के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि राजनीतिक और कानूनी चुनौतियों के बावजूद मजीठिया का जनाधार मजबूत बना हुआ है। वहीं विरोधी दल इसे महज राजनीतिक संदेशबाजी करार दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में थाना मजीठा में हिरासत में लिए गए अकाली कार्यकर्ता जोबनप्रीत सिंह को छुड़वाने के मामले में बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद से पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
एफआईआर के बाद से मजीठिया को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और पोस्टर वार लगातार जारी है। एक तरफ विरोधी दल उन्हें घेरने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर समर्थक सार्वजनिक रूप से उनके समर्थन में अभियान चला रहे हैं।
फिलहाल मजीठा क्षेत्र में लगे ये पोस्टर राजनीतिक गलियारों और आम लोगों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बने हुए हैं, जिससे आने वाले दिनों में पंजाब की सियासत और अधिक गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।