नई दिल्ली/लखनऊ : योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह सहित देशभर के अनेक नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शुभकामना संदेश जारी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति में योगी आदित्यनाथ का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमेशा आम लोगों के जीवन में सुधार के लिए कार्य किया है और उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने योगी आदित्यनाथ को एक लोकप्रिय और कर्मठ मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
गृहमंत्री अमित शाह ने भी जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार सुशासन और जनकल्याण के नए मानक स्थापित कर रही है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।
इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक तथा अन्य नेताओं ने भी शुभकामना संदेश जारी किए।
उल्लेखनीय है कि 5 जून 1972 को पौड़ी गढ़वाल में जन्मे योगी आदित्यनाथ अपने जन्मदिन पर आमतौर पर कोई विशेष आयोजन नहीं करते और नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। हालांकि उनके समर्थकों ने लखनऊ, गोरखपुर और अन्य स्थानों पर पौधारोपण, भंडारे तथा धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।