अन्नामलाई के इस्तीफे से तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत

नई दिल्ली: तमिलनाडु के वरिष्ठ नेता और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी से अपना नाता तोड़ लिया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अन्नामलाई का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। इसकी जानकारी पार्टी महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गई।

सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई पिछले कुछ समय से पार्टी की रणनीति और विशेष रूप से अन्नाद्रमुक के साथ सीट बंटवारे को लेकर असहज थे। इसी सिलसिले में उन्होंने हाल ही में दिल्ली में भाजपा नेतृत्व से मुलाकात की थी और अपना पांच पृष्ठों का इस्तीफा सौंपा था।

अन्नामलाई ने एक दिन पहले सोशल मीडिया मंच एक्स पर संकेत दिया था कि वह शुक्रवार दोपहर 12 बजे अपने "दिल की बात" साझा करेंगे। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि वह नई राजनीतिक दिशा का ऐलान कर सकते हैं और संभवतः अपनी अलग पार्टी के गठन की घोषणा भी कर सकते हैं।

हालांकि, अन्नामलाई की ओर से अभी तक औपचारिक रूप से किसी नई पार्टी या राजनीतिक मंच की घोषणा नहीं की गई है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब उनके आगामी बयान पर टिकी हुई है, जो तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर सकता है।