इंदौर: इंदौर में 9 जून से शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय महत्व के ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े ने गुरुवार को इंदौर पहुंचकर आयोजन से जुड़े प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सम्मेलन में आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के स्वागत, आवास, परिवहन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने Sheraton Grand Palace Indore, Indore Marriott Hotel तथा ग्रामीण हाट बाजार सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंडी एमडी कुमार पुरुषोत्तम, पर्यटन एमडी दिलीप यादव, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का मानना है कि ब्रिक्स सम्मेलन के आयोजन से इंदौर को वैश्विक मंच पर अपनी कृषि, नवाचार और विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ज्ञान, तकनीक और अनुभवों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।