हजीरा में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत की तैयारियां पूरी

नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात और दमन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री दोपहर करीब 2:30 बजे हजीरा में औद्योगिक गतिविधियों और अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद शाम करीब 4:15 बजे सूरत में लगभग 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इस अवसर पर वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

सूरत कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री दमन पहुंचेंगे, जहां शाम करीब 6:15 बजे नमो हवाई अड्डा के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे नमो अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इसके बाद शाम करीब 7:15 बजे प्रधानमंत्री दमन में लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही लक्षद्वीप के लिए लगभग 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

प्रधानमंत्री अपने दोनों कार्यक्रमों के दौरान जनसभाओं को संबोधित करेंगे और विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालेंगे। यह दौरा अवसंरचना, स्वास्थ्य, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।