एसीबी का बड़ा ऑपरेशन, हिसार में रिश्वत लेते पकड़े गए दो पटवारी और एक अन्य

हिसार: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आदमपुर और हांसी क्षेत्र में दो पटवारियों सहित तीन लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पहले मामले में आदमपुर क्षेत्र के गांव सीसवाल में तैनात पटवारी महेंद्र सिंह को 1700 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। वह कृषि भूमि के इंतकाल (म्यूटेशन) के बदले पैसे मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप लगाकर आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

दूसरे मामले में हांसी क्षेत्र में पटवारी विशाल और उसके सहयोगी पवन को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। आरोप है कि प्लॉट के इंतकाल के लिए रिश्वत मांगी गई थी। ट्रैप के दौरान विशाल के कहने पर पवन ने पैसे लिए, जिसके तुरंत बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ एसीबी थाना हिसार में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।