चंडीगढ़: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) जल्द ही एक अत्याधुनिक मोबाइल ऐप लॉन्च करने जा रहा है, जिसके जरिए आम नागरिक सीधे भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
ब्यूरो प्रमुख ए.एस. चावला ने बताया कि ऐप के माध्यम से लोग वीडियो, फोटो और अन्य साक्ष्य अपलोड कर सकेंगे। साथ ही हेल्पलाइन से संपर्क और संबंधित जिले के अधिकारियों की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी। शिकायतकर्ता अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए भी शिकायत दर्ज कर सकेंगे।
चावला ने बताया कि 2026 के पहले पांच महीनों में ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 83 केस दर्ज किए, जिनमें 67 ट्रैप ऑपरेशन के दौरान आरोपियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। औसतन हर दूसरे दिन एक सफल रेड की गई।
इन मामलों में 8 ग्रुप-बी अधिकारी, 51 ग्रुप-सी कर्मचारी और 9 निजी व्यक्ति गिरफ्तार किए गए। मजबूत जांच के चलते 18 मामलों में 20 आरोपियों को सजा भी दिलाई जा चुकी है।
इसके अलावा, 1 जनवरी से 31 मई तक 40 विभागीय जांच शुरू की गईं, जिनमें से 36 पूरी हो चुकी हैं। इनके आधार पर 63 राजपत्रित और 10 अराजपत्रित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है। वहीं, कुछ मामलों में आपराधिक मुकदमे दर्ज करने की भी अनुशंसा की गई है।
ब्यूरो का कहना है कि यह ऐप भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करेगा और आम लोगों को सीधे सिस्टम से जोड़ने में मदद करेगा।