नई दिल्ली: मालवीय नगर अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साकेत स्थित अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी लेकर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही, अन्य राज्यों या विदेशों में रहने वाले परिजनों तक पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि कुछ मरीज गंभीर हैं और वेंटिलेटर पर हैं। घायलों में भारत के साथ-साथ बांग्लादेश, नेपाल, कैमरून और लीबिया के नागरिक भी शामिल हैं। सभी को सर्वोत्तम इलाज देने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बचाव कार्य में जुटे स्थानीय लोगों, पुलिस और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से कई जानें बचाई जा सकीं। उन्होंने ऐसे लोगों को चिन्हित कर सम्मानित करने के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में अग्नि सुरक्षा से जुड़ी गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं। सरकार ने राजधानी के होटलों और व्यावसायिक भवनों में फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के आदेश दिए हैं। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।