अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले ड्रग्स नेटवर्क पर ईडी की कार्रवाई, 21 ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और मनी लॉन्ड्रिंग सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 और 3 जून को मुंबई, सूरत, अंकलेश्वर और राजकोट में 21 ठिकानों पर छापेमारी की।

यह कार्रवाई सलीम इस्माइल डोला और उसके सहयोगियों से जुड़े नेटवर्क पर की गई, जिसमें केमिकल सप्लायर, ड्रग्स निर्माता, वितरक, हवाला ऑपरेटर और बेनामी संपत्ति धारक शामिल हैं।

छापेमारी के दौरान करीब 1.33 करोड़ रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना और बैंक बैलेंस जब्त/फ्रीज़ किए गए। इसके साथ ही भारत और दुबई में स्थित करोड़ों की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।

जांच में सामने आया है कि यह संगठित नेटवर्क रसायनों की खरीद, मेफेड्रोन (MD) का गुप्त निर्माण, देशभर में सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय तस्करी में सक्रिय था। साथ ही, हवाला के जरिए अवैध कमाई को सफेद करने का बड़ा खेल भी चल रहा था।

ED के मुताबिक, यह कार्रवाई मुंबई में दर्ज कई FIR के आधार पर की गई है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है।