आग हादसे के बाद सुरक्षा उपायों पर मंथन, मुख्यमंत्री करेंगे उच्चस्तरीय बैठक

नई दिल्ली: मालवीय नगर अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार सख्त एक्शन के मूड में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को इस मामले में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें कई अहम विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

दिल्ली सचिवालय में होने वाली इस बैठक में दिल्ली पुलिस, एमसीडी, एनडीएमसी, डीडीए, अग्निशमन सेवा और अन्य विभाग आग सुरक्षा और अवैध निर्माणों पर चर्चा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मालवीय नगर के गेस्ट हाउस में लगी आग की घटना की गंभीरता से जांच होगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई तय की जाएगी।

सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि बिना अनुमति चल रहे होटल, गेस्ट हाउस और अवैध निर्माणों पर कड़ी कार्रवाई होगी। अग्नि सुरक्षा नियमों और बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में अवैध निर्माण रोकने के लिए सख्त और जवाबदेह नियम लागू किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।