चंडीगढ़: स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए विदेशी आतंकवादी हैंडलर से जुड़े दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.5 किलोग्राम RDX से तैयार इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद की गई है, जो विस्फोट के लिए पूरी तरह तैयार थी।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के गुज्जरपुरा निवासी मनी सिंह (32) और गिल्लवाली गेट निवासी अभिषेक कुमार (28) के रूप में हुई है।
डीजीपी के अनुसार, यह IED सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने के लिए तैयार की गई थी। समय रहते कार्रवाई कर एसएएस नगर (मोहाली) क्षेत्र में बड़े हमले की साजिश को विफल कर दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) काउंटर इंटेलिजेंस अशिष चौधरी ने जानकारी दी कि दोनों आरोपी बस के जरिए अमृतसर से मोहाली पहुंचे थे। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने उन्हें वाईपीएस चौक के पास एक पार्क के निकट से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान बरामद IED को तुरंत बम निरोधक दस्ते की मदद से निष्क्रिय किया गया, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी मनी सिंह हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में आया था। बाद में उसने अपने रिश्तेदार अभिषेक कुमार को भी उससे जोड़ा। आर्थिक तंगी के चलते दोनों ने पैसे के लालच में हैंडलर के लिए काम करने की सहमति दे दी।
पुलिस के अनुसार, पूरे आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इससे जुड़े अन्य हैंडलरों व सहयोगियों की पहचान के लिए जांच जारी है।