फरीदाबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की 7वीं बैठक सूरजकुंड में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
एफएमडीए के माध्यम से फरीदाबाद में बुनियादी ढांचे के विकास को बड़ी गति देते हुए, प्राधिकरण ने वित्त वर्ष 2026–27 के लिए 988 करोड़ रुपए के वार्षिक बजट को मंजूरी प्रदान की। इसके लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन पहलों का उद्देश्य शहर के मूलभूत नागरिक ढांचे को मजबूत करना, पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना और तेजी से बढ़ती शहरी आवश्यकताओं को पूरा करना है। बैठक में सीवरेज प्रबंधन, जल आपूर्ति, वर्षा जल निकासी, सड़क अवसंरचना और शहरी हरितीकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। इन परियोजनाओं के माध्यम से सेवा वितरण में सुधार होगा और नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार गति शक्ति के तहत संबंधित विभागों की हर 15 दिन में समन्वय बैठक करेंगे तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।