नई दिल्ली (Naren Singh Danu): मालवीय नगर के हौजरानी इलाके में फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में हुए भीषण अग्निकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने होटल और रेस्टोरेंट के मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में ले लिया है।
बुधवार सुबह लगी आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी थीं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इमारत में बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना के तहत मिली अनुमति से कहीं अधिक कमरों का अवैध निर्माण कर होटल का संचालन किया जा रहा था। साथ ही बिल्डिंग में फायर सेफ्टी एनओसी भी नहीं थी।
हादसे के समय होटल के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपरी मंजिलों में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनमें विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच में अन्य साझेदारों और प्रबंधन की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
👤 मृतकों की सूची जारी
इस हादसे में कुल 21 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
भारतीय मृतकों में शामिल हैं :
श्रुतिका बरनवाल, तरजानी अग्रवाल, वार्या अग्रवाल उर्फ पर्ल, झावेरी अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, कमला अग्रवाल, प्रेमलता अग्रवाल और जिविशा अग्रवाल।
🏥 घायलों की स्थिति :
घायलों में से 8 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई है।