प्रशासन का बड़ा एक्शन, अग्निकांड की होगी विस्तृत जांच

नई दिल्ली: दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मालवीय नगर अग्निकांड की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही दिल्ली में एक महीने का व्यापक अग्नि सुरक्षा प्रवर्तन और रोकथाम अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

उपराज्यपाल ने लोक निवास में गृह मंत्री आशीष सूद और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में तय किया गया कि गुरुवार से डीएम, डीसीपी और एमसीडी के संयुक्त नेतृत्व में अभियान शुरू किया जाएगा। इस दौरान होटलों, गेस्ट हाउस, नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटर और अन्य संवेदनशील परिसरों में अग्नि सुरक्षा मानकों की सख्त जांच की जाएगी और उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

उपराज्यपाल ने एक्स पर बताया कि गृह विभाग के तहत बहु-विभागीय कार्य योजना तैयार की गई है और अभियान की निगरानी मुख्य सचिव तथा पुलिस आयुक्त द्वारा की जाएगी, ताकि किसी स्तर पर लापरवाही न हो।

यह निर्णय हौज़ रानी, मालवीय नगर में हुए उस भीषण अग्निकांड के बाद लिया गया है, जिसमें एक पांच मंजिला इमारत में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

बैठक से पहले गृह मंत्री ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) योजना के तहत संचालित गेस्ट हाउसों में नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रारंभिक जांच में अनधिकृत निर्माण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी, निकासी मार्गों में बाधा और लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन जैसे गंभीर खामियों का पता चला है। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित परिसर केवल छह कमरों की अनुमति के बावजूद अधिक क्षमता में संचालित किया जा रहा था।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से समझौता करने वाले अवैध व अनियमित संचालन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।