महिला से नकदी लूटकर फरार, पुलिस ने जल्द पकड़ा आरोपी

सिरसा: बैंक से नकदी निकालकर घर जा रही महिला से एक लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली है।

डीएसपी सुखबीर सिंह ने बुधवार शाम मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिरसा निवासी हर्षदीप सिंह के रूप में हुई है। आरोपी बैंक में खाता खुलवाने के बहाने पहुंचा था और वहीं से महिला की रैकी कर रहा था।

पुलिस के अनुसार पीड़िता केशर देवी ने शिकायत दी कि वह पीएनबी बैंक से करीब डेढ़ लाख रुपये निकालकर रोड़ी बाजार की ओर जा रही थी। रास्ते में रानी ब्यूटी पार्लर के पास एक स्कूटी सवार युवक ने पीछे से आकर उसके हाथ से नकदी से भरा थैला छीन लिया और फरार हो गया।

घटना के दौरान बैग में रखे 50 हजार रुपये और मोबाइल फोन नीचे गिर गए, जबकि आरोपी एक लाख रुपये लेकर भाग निकला। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोच लिया।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसकी निशानदेही पर लूटी गई पूरी राशि बरामद कर ली गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह अन्य वारदातों में शामिल तो नहीं रहा।