गुरुग्राम: दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्तरां में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड में गुरुग्राम निवासी एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है।
मृतकों में गुरुग्राम के सेक्टर-46 निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक अग्रवाल, उनकी पत्नी तर्जनी अग्रवाल, मां प्रेमलता अग्रवाल, दो बेटियां एंजल और पर्ल, मामा अशोक गोयल और मामी कमला शामिल हैं।
परिवार के सदस्य दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती विवेक के पिता राधेश्याम अग्रवाल का हालचाल जानने आए थे। अस्पताल से लौटने के बाद सभी लोग पास के रेस्तरां में नाश्ते के लिए पहुंचे थे, तभी अचानक आग लग गई और हादसा हो गया।
तर्जनी के पिता प्रेम बंसल ने बताया कि उनकी बेटी से मंगलवार रात करीब 8:28 बजे आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद पुलिस की ओर से हादसे की सूचना मिली।
हादसे के बाद गुरुग्राम स्थित परिवार के घर में मातम पसरा हुआ है। पड़ोसियों के अनुसार पूरा परिवार एक साथ इस दुर्घटना का शिकार हो गया, जिससे इलाके में शोक की लहर है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस इमारत में आग लगी, वह 1980 के दशक की बनी हुई थी और इसमें समय-समय पर अवैध निर्माण कर ऊंचाई बढ़ाई गई थी। बताया जा रहा है कि यह रेस्तरां/गेस्ट हाउस ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ (बीएनबी) योजना के तहत संचालित किया जा रहा था, जिसमें सीमित कमरों की अनुमति थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।