कृषि के साथ कारोबार का सुनहरा मौका, अफ्रीका में नई शुरुआत

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में पंचकूला के मोरनी में मसाला कंपनी MDH और राज्य के छह किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के बीच अहम समझौता हुआ।

इस समझौते के तहत मोरनी क्षेत्र में अदरक, हल्दी और मिर्च जैसी मसाला फसलों की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। कंपनी किसानों को तकनीकी सहायता, गुणवत्ता सुधार, मार्केटिंग और खरीद की सुविधा प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को नुकसान होने पर भरपाई की जाएगी, जबकि उनकी फसल को बाजार भाव से 10 प्रतिशत अधिक कीमत दिलाई जाएगी। शुरुआती चरण में करीब 4 हजार एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि ‘गो ग्लोबल’ नीति के तहत अब हरियाणा के किसान तंजानिया और केन्या जैसे अफ्रीकी देशों में भी खेती और कृषि कारोबार के अवसर तलाश सकेंगे। भविष्य में यदि एफपीओ विदेशों में उत्पादन करते हैं तो कंपनी वहां की फसल खरीदने के लिए भी तैयार रहेगी।

कंपनी प्रतिनिधि राजीव गुलाटी ने कहा कि यह पहल किसानों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने और एक मजबूत कृषि इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।