चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष संगठन का चेहरा और कार्यकर्ताओं की आशाओं का केंद्र होता है। वह संगठन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु बनकर पार्टी की विचारधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करता है।
मुख्यमंत्री पंचकूला में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण है, जब हरियाणा भाजपा को नया नेतृत्व, नई ऊर्जा और नई दिशा मिल रही है।
सैनी ने कहा कि एक सफल प्रदेशाध्यक्ष केवल संगठन का विस्तार ही नहीं करता, बल्कि कार्यकर्ताओं को जोड़कर उन्हें सम्मान भी देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत होगा और हर वर्ग तक उसकी पहुंच बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए नेतृत्व में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को और प्रोत्साहन मिलेगा, साथ ही पार्टी की जनसेवा की परंपरा को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पार्टी के लिए कार्यकर्ता होना ही सबसे बड़ा गर्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का हरसंभव प्रयास करेंगी।
कार्यक्रम में सतीश पूनिया, राव इन्द्रजीत सिंह, ओमप्रकाश धनखड़ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।