26 नए आयुर्वेदिक औषधालयों से लोगों को मिलेगा लाभ

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य में आयुष स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए छह जिलों में 26 नए सरकारी आयुर्वेदिक औषधालय बनाने का फैसला किया है। इन परियोजनाओं पर करीब 15.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी।

स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि यह पहल राज्य के आयुष इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

परियोजना के तहत यमुनानगर में सबसे अधिक 10 औषधालय बनाए जाएंगे, जबकि महेंद्रगढ़ में 6, रेवाड़ी में 5, कुरुक्षेत्र में 3, करनाल और गुरुग्राम में एक-एक औषधालय स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक औषधालय के निर्माण पर औसतन 58 से 64 लाख रुपये तक की लागत आएगी।

विभाग के अनुसार सभी परियोजनाओं के लागत अनुमान विकास एवं पंचायत विभाग से स्वीकृत हो चुके हैं और निर्माण कार्य पंचायती राज विभाग के माध्यम से कराया जाएगा।

सरकार का मानना है कि इन औषधालयों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं सुलभ होंगी और लोगों को पारंपरिक इलाज का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।