देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक में भाग लेते हुए 29.78 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 23.15 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण और 6.63 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए महापौरों का स्वागत करते हुए उन्हें शहरों का “प्रथम नागरिक” बताते हुए कहा कि उनके निर्णयों का असर आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जहां गांव देश की आत्मा हैं, वहीं शहर नागरिकों के सपनों और अवसरों का केंद्र हैं।
धामी ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शहरी विकास में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने शहरों की तस्वीर बदली है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में इस वर्ष 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं, जो एक रिकॉर्ड है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि आदि कैलाश और पूर्णागिरि जैसे धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
शहरी विकास को गति देने के लिए राज्य में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, ठोस कचरा प्रबंधन, एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना और आश्रय योजना जैसी पहलें लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के जरिए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सुबोध उनियाल समेत कई जनप्रतिनिधि और देशभर के महापौर मौजूद रहे।