गुरुग्राम: साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, साइबर थाना दक्षिण की टीम ने 2 जून को फरीदाबाद से आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें आईपीओ और शेयर निवेश के नाम पर 33.55 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम में से 5.30 लाख रुपये एक बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने बैंक खाताधारक के मोबाइल में एक एपीके फाइल डाउनलोड करवाई थी, जिसे विदेशी साइबर ठगों द्वारा भेजा गया था। इस फाइल के जरिए ठगों ने बैंक खाते का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी खाताधारक को होटल में बुलाकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखते थे, ताकि वह खाते का एक्सेस किसी और को न दे सके। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नेपाल जाकर विदेशी, विशेषकर चीनी साइबर ठगों से संपर्क में आए थे और वहीं से इस नेटवर्क को संचालित किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने कितने और लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी को अंजाम दिया।