मोहाली: न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित स्टेडियम में 6 से 10 जून तक भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले टेस्ट मैच को लेकर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह भारत का 31वां और पंजाब का तीसरा टेस्ट क्रिकेट वेन्यू होगा। इससे पहले पंजाब में मोहाली और जालंधर टेस्ट मैचों की मेजबानी कर चुके हैं। वहीं, टिकट की शुरुआती कीमत 250 रुपए रखी गई है।
खास बात यह है कि एक ही टिकट पर दर्शक टेस्ट मैच के पांचों दिन मुकाबले का आनंद ले सकेंगे। दोनों टीमें चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं और मुल्लांपुर स्थित स्टेडियम में अभ्यास कर रही हैं। मैच को लेकर पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने तैयारियों की जानकारी साझा की।
पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने बताया कि 6 से 10 जून तक भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली बार मुल्लांपुर स्टेडियम को टेस्ट मैच की मेजबानी का मौका मिला है। यह भारत का 31वां और पंजाब का तीसरा टेस्ट वेन्यू होगा।