कुरुक्षेत्र (परमिंदर सिंह) : अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी 12, 13 एवं 14 जून को आयोजित होने सर्वजातीय खाप सम्मेलन को वाले सर्वजातीय खाप सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा समाज हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि इस सम्मेलन में महिला संगठन, छात्र संगठन, युवा संगठन, धार्मिक संगठन, सामाजिक संगठन, विभिन्न खापों, तपों, बारहों तथा समाज के अन्य मौजिज व्यक्तियों की व्यापक भागीदारी रहेगी। सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना, समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करना तथा भावी पीढ़ी के लिए सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करना है।
सम्मेलन के दौरान सामाजिक कुरीतियों, नशाखोरी, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण तथा सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर चर्चा करते हुए अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि समाज को संगठित एवं सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता हैं।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला के प्रधान डॉ कृष्ण श्योकंद ने हाल ही में डॉ. शैलेंद्र शर्मा ‘शैली’ द्वारा एक नाबालिग के साथ किए गए जघन्य अपराध की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराध मानवता को शर्मसार करने वाले हैं तथा ऐसे मामलों में दोषियों को कठोरतम दंड मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि न्यायालय में आरोप सिद्ध होते हैं तो दोषी को फांसी जैसी कठोर सजा दी जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसे अपराध करने का साहस न कर सके। डॉ श्योकंद ने मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित थाना प्रभारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी तत्परता के कारण आरोपी को सीमित समय में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि आगामी सर्वजातीय खाप सम्मेलन को ऐतिहासिक, सफल एवं समाज हित में उपयोगी बनाया जाएगा तथा सम्मेलन से निकले निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।