नई दिल्ली: नई दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद दमकल विभाग और पुलिस ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दमकल विभाग के अनुसार सुबह करीब 8:50 बजे लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में अतिरिक्त वाहनों को भी तैनात किया गया।
बचाव अभियान के दौरान बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों ने घने धुएं और अत्यधिक तापमान के बीच अंदर प्रवेश कर लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कैट्स एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
आग पर काबू पाने के लिए कुल 10 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। दमकल विभाग की टीम रेस्टोरेंट के अंदर तलाशी अभियान भी चला रही है, क्योंकि कुछ अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने और जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान तथा हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।