पंजाब सरकार की नई योजना से महिलाओं को राहत

चंडीगढ़: भगवंत मान ने घोषणा की है कि पंजाब में महिलाओं को 1 जुलाई से मासिक सम्मान भत्ता दिया जाएगा। ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को हर माह 1,000 से 1,500 रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

एक साक्षात्कार के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना को लागू करने की लगभग 80 प्रतिशत प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जून माह के दौरान सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी, जिसके बाद 1 जुलाई से महिलाओं के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू होगी।

योजना को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए भगवंत मान ने कहा कि जिन महिलाओं का पंजीकरण जुलाई तक नहीं हो पाएगा, उन्हें भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनका रजिस्ट्रेशन पूरा होते ही जुलाई माह से देय राशि उनके खाते में जमा कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक राज्य में करीब 36 लाख महिलाओं के कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि पंजाब में 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की संख्या लगभग 52 लाख है। सरकार का लक्ष्य सभी पात्र महिलाओं को योजना के दायरे में लाना है।

इस दौरान राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को राज्यसभा सीट देने के बदले धन लेने संबंधी आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि उन्होंने एक रुपया भी लिया हो, तो वह उनके लिए "सल्फास की गोली" के समान होगा। उन्होंने ऐसे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।