बादशाह के क्लब पर चला कानून का चाबुक, सीलिंग से मचा हड़कंप

चण्डीगढ़: प्रशासन ने सेक्टर-26 स्थित चर्चित सागो क्लब पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यह क्लब मशहूर रैपर बादशाह से जुड़ा बताया जाता है।

यूटी एस्टेट ऑफिस की बिल्डिंग ब्रांच और प्रवर्तन टीम ने भवन नियमों के उल्लंघन के चलते मंगलवार सुबह यह कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार क्लब संचालकों को पहले भी कई नोटिस जारी कर नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं की गईं।

प्रशासन का कहना है कि क्लब परिसर में स्वीकृत नक्शे और निर्माण नियमों से संबंधित कई उल्लंघन पाए गए थे। नोटिसों का संतोषजनक जवाब न मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और शोरूम नंबर-17 में चल रहे क्लब को सील कर दिया।

यह क्लब युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय रहा है, खासकर वीकेंड पर यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे। कार्रवाई के बाद युवाओं में निराशा भी देखी गई।

गौरतलब है कि यह क्लब पहले भी विवादों में रह चुका है। क्लब के बाहर हुए धमाकों की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा द्वारा इंटरनेट मीडिया के जरिए लेने का दावा किया गया था, जिसमें कथित तौर पर प्रोटेक्शन मनी की मांग का जिक्र सामने आया था।

प्रशासन के अनुसार शहर में पिछले एक वर्ष के दौरान करीब 10 क्लबों और बारों पर इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। अधिकारियों ने साफ किया है कि भवन नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।