बठिंडा: बठिंडा जिला अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार यह धमकी एक ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे कोर्ट परिसर को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
एहतियात के तौर पर अदालत परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए। इसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वायड और पुलिस की विशेष टीमों ने परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान पार्किंग एरिया, कोर्ट रूम्स और कार्यालयों सहित पूरे परिसर की जांच की गई। हालांकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार धमकी भरे ईमेल की साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है और भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए अदालत की गतिविधियां प्रभावित रहीं, जबकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।