गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी में बड़ी सफलता, सोनीपत पुलिस ने 40 फोन लौटाए

सोनीपत: साइबर अपराधों पर नियंत्रण और गुम मोबाइल फोन की बरामदगी अभियान के तहत सोनीपत पुलिस की साइबर सेल ने मई माह में 40 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बरामद किए गए मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है। मंगलवार को ये सभी फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए।

साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग के माध्यम से अलग-अलग स्थानों से गुम हुए मोबाइल फोन खोज निकाले।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) राजपाल सिंह ने मोबाइल फोन मालिकों को फोन लौटाते हुए कहा कि साइबर सेल आधुनिक तकनीक की मदद से लगातार ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी मोबाइल फोन सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज किए गए थे, जिसके बाद तकनीकी निगरानी के जरिए उनकी ट्रैकिंग कर बरामदगी संभव हो सकी।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया।