चंडीगढ: जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए जालंधर स्थित कार्यालय में समन जारी किया था। निर्धारित समय पर विधायक कार्यालय पहुंचे, जहां उनका बयान दर्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
यह मामला कथित आय से अधिक संपत्ति और अवैध वसूली के आरोपों से जुड़ा हुआ है। इससे पहले पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने इस केस में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी भी की थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोप है कि विधायक ने कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर अवैध नोटिस जारी कर भवन मालिकों से धन की मांग की। विजिलेंस जांच में लगभग 1.10 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े लेन-देन का भी उल्लेख है।
अब ईडी इस पूरे मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत आगे की जांच कर रही है और वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल जारी है।